जलपाईगुड़ी, 5 जुलाई (नि.सं.)। लगातार भारी बारिश के कारण जलपाईगुड़ी जिले के विभिन्न इलाके जलमग्न हो गए हैं। तीस्ता और करला नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। इस स्थिति में सैकड़ों परिवार जलभराव के कारण प्रभावित हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में 165.60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो इस मानसून का अब तक का सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड है। भारी बारिश के चलते तीस्ता और करला नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिस पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
जलपाईगुड़ी शहर और आसपास के कई इलाकों में जलजमाव से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर जाने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र सदर ब्लॉक के बांग्लादेश सीमा से सटे गड़ालबाड़ी, चंदनडांगा और कैंपेर हाट इलाके हैं, जहां करीब 200 से अधिक परिवार जलभराव में फंसे हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल बारिश में ऐसी स्थिति बन जाती है।
इसके अलावा, सीमा क्षेत्र में आवागमन के लिए लगाए गए ह्यूम पाइप में कचरा जमा हो जाने से पानी निकासी बाधित हो रही है, जिससे हालात और भी खराब हो गए हैं।
