बागडोगरा, 13 नवंबर (नि.सं.)। वन्यजीव का शिकार कर दावत उड़ाने के आरोप में वन विभाग ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरमन मुंडा के रूप में हुई है। उसे बागडोगरा के चौपुखरिया स्थित भेस्टिजोत इलाके से गिरफ्तार किया गया।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने गुरुवार शाम शेड्यूल-1 में शामिल वन बिलार (जंगली बिल्ली) का शिकार कर उसका मांस पकाकर खाया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई की। मौके से मृत वन्यजीव के अवशेष बरामद किए गए हैं। आरोपी के कब्जे से मिले अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने वन बिलार का शिकार कर उसे खाने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार युवक को शुक्रवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। वहीं, इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका को देखते हुए बागडोगरा वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





