नक्सलबाड़ी, 13 नवंबर (नि.सं.)। पश्चिम बंगाल आवास योजना के तहत राज्य के 7 लाख लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को नवान्न में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया।
इसी क्रम में दार्जिलिंग जिले के नक्सलबाड़ी में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राज्य के राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी और एसडीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान मंत्री ने पश्चिम बंगाल आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक सौंपे। जानकारी के अनुसार, पूरे दार्जिलिंग जिले में करीब 5 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास योजना की राशि सीधे भेजी जाएगी।
राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन ने बताया कि दूसरी किस्त के रूप में मिलने वाली इस आर्थिक सहायता से लाभार्थी अपने घरों का निर्माण कार्य पूरा कर सकेंगे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आने वाले दिनों में योजना के लिए अन्य योग्य लाभार्थियों की भी पहचान की जाए।
वहीं, आवास योजना की दूसरी किस्त की राशि मिलने पर लाभार्थियों में खुशी देखी गई।





