मेला कमेटी के अनुसार, आगामी 24 नवंबर को रास पूजा आयोजित होगी। वहीं, 3 दिसंबर की शाम 7 बजे विधिवत रूप से मेले का उद्घाटन किया जाएगा। मेला 7 दिसंबर तक चलेगा। इस वर्ष मेले का मुख्य आकर्षण राजबंशी समुदाय का पारंपरिक पालाटिया गीत होगा। 3 दिसंबर को स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले की शुरुआत होगी। वहीं, 4, 5 और 6 दिसंबर को पालाटिया गीत का आयोजन किया जाएगा। मेले के अंतिम दिन 7 दिसंबर को म्यूजिकल नाइट का आयोजन होगा।
मेला कमेटी के सचिव बाप्पा राय और कोषाध्यक्ष भूपेंद्रनाथ राय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पांच दिनों तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में विभिन्न प्रकार की मूर्तियां, झूले, अलग-अलग सामानों की दुकानें और मिठाइयों के स्टॉल लगाए जाएंगे। उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचते हैं। आयोजकों के मुताबिक, प्रतिदिन 10 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ती है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ मेला कमेटी की ओर से 100 से अधिक स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा।
राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष मोनिका राय ने कहा कि पहली बार इस ऐतिहासिक रास मेले में शामिल होकर खंभा पूजन के माध्यम से तैयारियों की शुरुआत करने पर उन्हें खुशी हो रही है। इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष सुमन राय सहित कमेटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।





