सिलीगुड़ी, 8 अक्टूबर (नि.सं.)। कालिम्पोंग की एक दुकान से 1.50 लाख रुपये नकद चोरी करने के बाद सिलीगुड़ी में छिपे दो आरोपियों को कालिम्पोंग पुलिस ने प्रधाननगर थाने की मदद से जंक्शन इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के पैसों से खरीदी गई बाइक और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस कालिम्पोंग ले गई है।
पुलिस के अनुसार, गत 5 अक्टूबर को कालिम्पोंग की एक दुकान में चोरी हुई थी। दुकान मालिक की शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच में पुलिस को पता चला कि वारदात में तीन आरोपी शामिल थे। इनमें से दो आरोपी चोरी के बाद सिलीगुड़ी आकर जंक्शन इलाके में छिपे हुए थे।
इसके बाद कालिम्पोंग पुलिस ने प्रधाननगर थाने की मदद से बुधवार रात जंक्शन इलाके में अभियान चलाकर अमन बरदेवा (28) और लोपशांग तामंग (24) को गिरफ्तार किया। दोनों कालिम्पोंग के निवासी बताए गए हैं।
प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने चोरी की रकम से एक बाइक खरीदी थी और सिलीगुड़ी में छिपकर रह रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 50 हजार रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदी गई बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





