नक्सलबाड़ी, 9 अक्टूबर (नि.सं.)। स्थायीकरण और समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर VRP और VLP कर्मियों ने शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। राज्य के अन्य हिस्सों के साथ नक्सलबाड़ी ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय के सामने भी कर्मियों ने प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगें उठाई।
कर्मियों का आरोप है कि 25 सितंबर को कोलकाता स्थित पंचायत विभाग में ज्ञापन सौंपकर 7 अक्टूबर तक स्थायीकरण और समान काम के लिए समान वेतन लागू करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने राज्य की नई सरकार से उम्मीद जताते हुए जल्द मांगें पूरी करने की अपील की।
कर्मियों ने बताया कि वे पिछले 18 वर्षों से मनरेगा योजना के तहत काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में विभिन्न विकास कार्यों के अलावा वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भी उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, अन्नपूर्णा भंडार और 125 दिनों वाली वीबी-जी-राम-जी योजना से जुड़े कार्य करने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद राज्य के करीब 8 हजार कर्मियों के हित में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कर्मियों का यह भी आरोप है कि राज्य के बजट में उनके भविष्य और मांगों को लेकर कोई स्पष्ट दिशा नहीं दी गई।
कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।





