उत्तर बंगाल, समाचार
खोरीबाड़ी में नवान्न के निर्देश के बाद भारी मात्रा में दस्तावेज़ बरामद, उठ रहे सवाल
खोरीबाड़ी, 5 मई (नि.सं.)। नवान्न की ओर से निर्देश जारी होते ही खोरीबाड़ी में भूमि विभाग के करीब 500 मीटर के दायरे में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। खोरीबाड़ी के बातासी स्थित दुर्गा मंदिर के पास सुबह-सुबह सैकड़ों जमीन से जुड़े दस्तावेज़ मिलने से रहस्य और गहरा गया है। बरामद कागजों में जमीन के दस्तावेज़, खतियान, यहां तक कि वोटर आईडी और आधार कार्ड की प्रतियां भी शामिल हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 327 के किनारे इतने महत्वपूर्ण दस्तावेज़ कैसे पहुंचे, इस पर सवाल उठ रहे हैं। क्या ये दस्तावेज़ भूमि विभाग से ही फेंके गए हैं? इसे लेकर संदेह बढ़ता जा रहा है।स्थानीय लोगों का अनुमान है कि रात के अंधेरे में इन दस्तावेजों को यहां फेंका गया। सूचना मिलने के बाद खोरीबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेजों को जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
