राजगंज , 4 नवंबर (नि.सं.)। लॉटरी विक्रेता के रुपयों से भरे बैग की चोरी का मामला सामने आया है। बैग में नकद बिक्री की रकम और लॉटरी के इनाम की राशि मिलाकर करीब डेढ़ लाख रुपये रखे हुए थे। मंगलवार रात राजगंज के आमबाड़ी हाट में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुजीत सरकार आमबाड़ी हाट में लॉटरी टिकट बेचते हैं। रोज की तरह मंगलवार को भी वह अपनी दुकान पर लॉटरी टिकट बेच रहे थे। हाट खत्म होने के बाद दुकान बंद कर वह घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दिनभर की बिक्री और लॉटरी के इनाम की रकम एक बैग में रखकर साइकिल पर रख दिया।
लॉटरी विक्रेता सुजीत सरकार ने बताया कि इसी बीच एक व्यक्ति उनके पास आया और मोबाइल पर एक तस्वीर दिखाकर पूछा कि क्या वह उस व्यक्ति को पहचानते हैं। तस्वीर देखने के लिए जैसे ही उनका ध्यान दूसरी ओर गया, आरोपी साइकिल पर रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। जब तक वह कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से गायब हो चुका था।
वहीं, सुजीत सरकार के भाई सुकुमार सरकार ने बताया कि बैग में नकद रुपये और लॉटरी के इनाम की रकम मिलाकर करीब डेढ़ लाख रुपये थे। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की गई और इसकी सूचना भोरेर आलो थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।





