सिलीगुड़ी,10 अक्टूबर (नि.सं.)। शताब्दी वर्ष की परंपरा, भावनाओं और पुरानी यादों को संजोते हुए महालया की सुबह सिलीगुड़ी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शहर की ऐतिहासिक दुर्गापूजा समितियों में शामिल मित्र सम्मिलनी की दुर्गापूजा इस वर्ष 100वें वर्ष में प्रवेश कर गई है। इसी खास अवसर को यादगार बनाने के लिए शनिवार सुबह शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा की शुरुआत सिलीगुड़ी के कंचनजंघा स्टेडियम से हुई। शहर के विभिन्न मार्गों की परिक्रमा करने के बाद यह मित्र सम्मिलनी के पूजा परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें शहर के कई वरिष्ठ नागरिकों के साथ राज्य के पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष, राज्य के पूर्व मंत्री और सिलीगुड़ी के पूर्व मेयर गौतम देव, पूर्व मेयर गंगोत्री दत्त समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने हिस्सा लिया। वरिष्ठ और युवा पीढ़ी की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।
मित्र सम्मिलनी की दुर्गापूजा के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार पूजा पंडाल में सिलीगुड़ी के इतिहास और परंपरा को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, हर साल की तरह इस बार भी पूजा का आयोजन पुरानी परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाएगा।
आयोजकों ने शहर के वरिष्ठ नागरिकों के साथ युवा पीढ़ी से भी शताब्दी वर्ष के इस विशेष आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उनका मानना है कि यह उत्सव पुरानी यादों को ताजा करने के साथ ही नई पीढ़ी को सिलीगुड़ी की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।





