सिलीगुड़ी, 14 अक्टूबर (नि.सं.)। दुर्गा पूजा के उत्साह के बीच सिलीगुड़ी के प्रधान नगर स्थित नबांकुर दुर्गा पूजा कमेटी को इस वर्ष जमीन विवाद के कारण अंतिम समय में पूजा स्थल बदलना पड़ा है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा विवादित जमीन पर स्टे ऑर्डर जारी किए जाने के बाद कमिटी को पुराने स्थान पर तैयार पंडाल खोलना पड़ा। अब कमिटी नए स्थान पर मां दुर्गा की पूजा आयोजित करने की तैयारियों में जुटी है।
नबांकुर दुर्गा पूजा कमेटी पिछले 51 वर्षों से पुराने स्थान पर पूजा आयोजित करती आ रही है। इस वर्ष कमेटी 52वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। हर साल की तरह इस बार भी खूंटी पूजा के बाद पंडाल निर्माण शुरू किया गया था और तृतीया के दिन दर्शनार्थियों के लिए पंडाल खोलने की योजना थी। लेकिन जमीन विवाद के कारण पूरी तैयारी प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार, पुराने पूजा स्थल को लेकर मामला कलकत्ता हाई कोर्ट तक पहुंचा था। इसके बाद जमीन के मालिक पक्ष ने फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। गत 9 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बाद कमेटी को पुराने स्थान पर तैयार पंडाल खोलना पड़ा।
अंतिम समय में जगह बदलने की चुनौती के बावजूद कमिटी ने नए स्थान पर पूजा आयोजित करने का फैसला लिया है। फिलहाल वहां पंडाल निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं का काम चल रहा है। वहीं, तैयार पंडाल खुलवाए जाने को लेकर पूजा कमेटी ने नाराजगी जताई है।





