पुलिस कमिश्नर ने लोगों से कहा कि पूजा के दौरान परिवार के साथ बाहर घूमने जाने पर अपने खाली घर की तस्वीरें या ऐसी कोई जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें, जिससे अपराधियों को घर खाली होने का पता चल सके। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपराधियों को घर के खाली होने की जानकारी मिल सकती है और इसका फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा सकता है।
पूजा के दौरान शहर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। चोरी, डकैती और एटीएम लूट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए एटीएम और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। इन स्थानों पर अलार्म सिस्टम और सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सिलीगुड़ी में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। करीब चार महीने पहले शहर में लगभग 900 कैमरे थे, जबकि अब सरकारी और आम लोगों के सहयोग से करीब 2,527 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। पुलिस का लक्ष्य इस संख्या को बढ़ाकर करीब 5,000 करना है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूजा के दौरान विनर्स और दुर्गा वाहिनी की टीमें भी पेट्रोलिंग करेंगी। देर रात तक गश्त जारी रहेगी और भीड़भाड़ तथा संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सीमा क्षेत्रों में भी बीएसएफ और एसएसबी के साथ समन्वय कर निगरानी बढ़ाई गई है।
पुलिस ने लोगों से पूजा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर स्निफर डॉग की मदद से विशेष जांच और लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखा जा रहा है।





