राजगंज, 1 सितंबर (नि.सं.)। खाने की गुणवत्ता की जांच को लेकर बेलाकोबा में पुलिस ने अभियान चलाया है। खाद्य सुरक्षा कानून का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी जांच के लिए बेलाकोबा क्षेत्र के विभिन्न होटल, मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंट में पुलिस ने छापेमारी की है। मंगलवार को यह अभियान चौकी प्रभारी ओसी अरिजीत कुंडू के नेतृत्व में चलाया गया।
इस दौरान बेलाकोबा की कई मिठाई दुकानों, भोजनालयों और फास्ट फूड दुकानों में पहुंचकर विभिन्न खाद्य पदार्थों और सामग्रियों की एक्सपायरी डेट की जांच की गई। साथ ही खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की भी जांच की गई।
दुकानों और होटलों में साफ-सफाई तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जा रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की गई। पुलिस ने व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने, एक्सपायरी सामान का इस्तेमाल नहीं करने और दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।




