सिलीगुड़ी, 9 फरवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की बागडोगरा थाना की सफेद पोशाक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगली बाबा मंदिर रोड के पास से लाखों रुपये की विदेशी सिगरेट बरामद की है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को जब्त किया गया है, वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चुमिर अली और मोईउद्दीन के रूप में हुई है। दोनों असम के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बागडोगरा थाना की सफेद पोशाक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि असम से सिलीगुड़ी के रास्ते विदेशी सिगरेट की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाया और जंगली बाबा मंदिर रोड के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान असम से आ रहे AS 28 AC 0323 नंबर के ट्रक को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक से विदेशी सिगरेट के कई कार्टन बरामद हुए। जब ट्रक चालक से सिगरेट से संबंधित कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
इसके बाद पुलिस ने ट्रक से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की विदेशी सिगरेट जब्त कर ली। बागडोगरा थाना की पुलिस तस्करी के मामले में केस दर्ज कर आरोपियों को कल सिलीगुड़ी अदालत में पेश करेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
