कालचीनी, 21 जनवरी (नि.सं.)। गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर एसएसबी की 53वीं बटालियन के जवानों ने अभियान चला कर प्रतिबंधित नशीली गोलियों व कफ सिरप बरामद के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम सायन गुह है और वह कालचीनी का निवासी है।
सूत्रों के अनुसार आज एसएसबी के जवानों ने रांगामाटी रोड इलाके में अभियान चलाया और इस व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इसके पास से 180 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप व 90 पत्ते प्रतिबंधित गोलियां बरामद की गयी है। इसके साथ ही एक वाहन को भी जब्त किया गया है। आरोपी को कालचीनी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।