सिलीगुड़ी, 13 फरवरी (नि.सं.)। जल जीवन मिशन के तहत बकाया राशि के भुगतान की मांग को लेकर सिलीगुड़ी में ठेकेदारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को Northern Public Health Engineering Contractors Welfare Association के बैनर तले संगठन के सदस्यों ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मरम्मत कार्य सहित विभिन्न मदों में लंबे समय से भुगतान लंबित है। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, पिछले 14–15 महीनों से उनका भुगतान रुका हुआ है। वर्तमान में करीब 250 करोड़ रुपये की बकाया राशि बाकी है।
संगठन के अध्यक्ष परितोष भौमिक ने कहा कि सभी कार्य नियमानुसार पूरे किए गए है, लेकिन भुगतान न होने से ठेकेदारों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। आवश्यकता पड़ने पर कोलकाता जाकर मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाई जाएगी।
