सिलीगुड़ी, 6 नवंबर (नि.सं.)। काली पूजा में अब महज दो दिन शेष हैं। ऐसे में शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में सिलीगुड़ी के रनर संघ क्लब की काली पूजा इस वर्ष 43वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस बार पूजा की थीम ‘त्रिलोचन धाम’ रखी गई है।
सिलीगुड़ी के श्रीनगर कॉलोनी में उत्तरकन्या के पीछे वसुंधरा आवासन के निकट रनर संघ की ओर से काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष नई और आकर्षक परिकल्पना के साथ पूजा पंडाल को दर्शकों के सामने पेश करने की तैयारी की गई है। पंडाल निर्माण से लेकर रोशनी और अन्य सजावट का काम लगभग अंतिम चरण में है।
इस संबंध में पूजा कमेटी के सांस्कृतिक सचिव दिवाकर सरकार ने बताया कि इस वर्ष पूजा का विशेष आकर्षण ‘त्रिलोचन धाम’ होगा। पूजा के 43वें वर्ष में श्रद्धालुओं और दर्शकों को कुछ खास देने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि दर्शक सुचारु रूप से पंडाल का भ्रमण कर सकें, इसके लिए अंतिम चरण की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।





