पुलिस सूत्रों के अनुसार, पंजाब के सलेमपुर गांव में आरोपी नाबालिगा के परिवार के साथ खेत में मजदूरी करता था और उनके साथ ही रहता था। आरोप है कि एक दिन बच्ची के माता-पिता काम के सिलसिले में बाहर गए थे। इसी दौरान बच्ची को अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची ने अपनी मां को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने पंजाब पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। करीब चार महीने तक लगातार तलाश के बाद पंजाब पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी सिलीगुड़ी के रेगुलेटेड मार्केट इलाके में छिपकर मजदूरी कर रहा है। इसके बाद पंजाब पुलिस ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस से संपर्क किया।
बुधवार को प्रधान नगर थाने की पुलिस की मदद से पंजाब पुलिस ने रेगुलेटेड मार्केट में छापेमारी कर आरोपी पिंकू मंडल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां पंजाब ले जाने के लिए ट्रांजिट डिमांड मांगी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को 5 दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाने की अनुमति दी।
अदालती आदेश के बाद पंजाब पुलिस आरोपी को लेकर पंजाब के लिए रवाना हो गई है। मामले की आगे की जांच पंजाब पुलिस कर रही है।





