मालदा, 23 अगस्त (नि.सं.)। ससुराल से दामाद का फंदे से लटकता शव बरामद किया गया है। यह घटना मानिकचक थाना अंतर्गत नूरपूर अंचल के गोविंदपुर गांव की है। मृतक की पहचान टोटन राय के रूप में हुई है। वह पुखुरिया थाना अंतर्गत पीरगंज इलाके का निवासी था। वह पिछले दो महीने से गोविदपुर गांव में अपने ससुराल में रहता था।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार टोटन राय ने करीब दो साल पहले गोविंदपुर इलाके की निवासी लाली सरकार से साथ प्रेम विवाह किया। वहीं, टोटन राय के पिता इस शादी से नाराज थे।इससे लेकर उसके परिवार में अशांति होने लगी। इस अशांति के कारण टोटन राय दो महीने पहले अपनी पत्नी के साथ ससुराल गोविंदपुर चला आया।
मृतक की पत्नी ने कहा कि शनिवार को टोटन व उसके पिता के बीच फोन पर बहस हुआ। इसके बाद रात को घर के अंदर से उसका फंदे से लटकता शव बरामद किया गया।
दूसरी ओर, घटना की जानकारी मिलते ही रात को ही मानिकचक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिये मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। घटना में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर मानिकचक पुलिस घटना की जांच कर रही है।





