जलपाईगुड़ी के गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान से सटे लाटागुड़ी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों के कारण देश के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख आकर्षण बन चुका है। जल-जंगल से घिरे इस इलाके की प्राकृतिक संपदा और गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान के वन्यजीवों को केंद्र में रखकर यहां पर्यटन उद्योग तेजी से विकसित हुआ है। इसी पर्यटन उद्योग को और बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आगामी 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस को ध्यान में रखते हुए राज्य पर्यटन विभाग, फेडरेशन ऑफ बंगाल होटलियर्स सहित पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न संगठनों के संयुक्त पहल पर से इन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, जलपाईगुड़ी के सांसद जयंत राय सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मैराथन दौड़ प्रतियोगिता और चर्चा सभा से हुई। इसके बाद पर्यटन मंत्री ने एक ट्रैवल कंपनी की दो लग्जरी लंबी दूरी की स्लीपर बसों का उद्घाटन किया। इसके बाद लाटागुड़ी की सड़कों पर ‘प्रकृति और पर्यावरण बचाओ’ पदयात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में लाटागुड़ी वाटर पार्क का उद्घाटन किया गया। मुख्य रूप से एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित इस वाटर पार्क में पर्यटकों के लिए बोटिंग, रॉक क्लाइंबिंग सहित विभिन्न साहसिक खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस मौके पर पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि राज्य पर्यटन विभाग ने पर्यटन के विकास के लिए कई पहल शुरू की हैं। इनमें पर्यटन से जुड़े नए लोगो का शुभारंभ भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि वन और पर्यावरण की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए ही पर्यटन का विस्तार किया जाना चाहिए।





