जानकारी के अनुसार, आकाश शर्मा अपनी मां किरण शर्मा के साथ शिशुडांगी इलाके में रहते हैं। गुरुवार सुबह आकाश दुकान पर चले गए, जबकि करीब 10 बजे उनकी मां भी घर में ताला लगाकर काम पर चली गई। इसके बाद घर करीब तीन-चार घंटे तक खाली था। इसी दौरान बदमाश छत के रास्ते सीढ़ी से घर में घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
करीब साढ़े तीन बजे आकाश घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर वह पड़ोसी के घर की छत के रास्ते अपने घर की छत पर पहुंचे। अंदर जाने पर लोहे का दरवाजा टूटा मिला और दोनों अलमारियों की तिजोरियां भी टूटी हुई थी। घर का सामान बिखरा पड़ा था और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी गायब थे।
आकाश की मां किरण शर्मा ने बताया कि करीब एक महीने बाद उनके बेटे की शादी होने वाली है। शादी के लिए बनवाए गए सोने-चांदी के आभूषण घर में रखे थे। उनके अनुसार, चोर आभूषण और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान ले गए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद माटीगाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।





