सिलीगुड़ी में दो छिनतई मामलों में एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी 

सिलीगुड़ी, 28 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में मतदान से पहले हुई दो छिनतई की घटनाओं में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिलीगुड़ी थाना की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरजू ग्वाला के रूप में हुई है, जो फाटापुकुर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, पहले चरण के मतदान से ठीक पहले एक ही दिन में शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं से छिनतई की घटनाएं हुई थीं, जिसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बीती रात जलपाईमोड़ के पास पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोका। पूछताछ में उसके जवाब संदिग्ध पाए जाने पर उसे हिरासत में लिया गया। थाने में सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अन्य बदमाशों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया है और आगे की जांच के लिए रिमांड की मांग की है। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *