राजगंज, 22 फरवरी(नि.सं)। श्री रामकृष्ण परमहंस के 191वें आविर्भाव महोत्सव का आयोजन साहुडांगी स्थित रामकृष्ण मिशन में श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। रविवार को धार्मिक गरिमा के बीच महोत्सव का शुभारंभ विशेष पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। शास्त्र वक्ताओं ने श्री रामकृष्ण परमहंस के जीवन, उनके आध्यात्मिक संदेश और मानवता के प्रति उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला।हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति देखी गई। सुबह से ही सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते रहे है। महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जा रहा है। साथ ही समाज सेवा के तहत रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
