सिलीगुड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कैफे और मिठाई दुकान में मिली गंभीर अनियमितताएं

सिलीगुड़ी , 21 फरवरी (नि.सं)। शहर के देशबंधुपाड़ा इलाके में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। आम जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए किए गए इस अभियान में कई व्यवसायियों को नोटिस जारी किया गया।
अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ सिलीगुड़ी नगर निगम, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई है। आरोप है कि कुछ दुकानों में खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंग मिलाने के प्रमाण मिले है।
एनटीएस मोड़ के पास स्थित “बैकयार्ड बिस्ट्रो” नामक कैफे के किचन से पुराना और सड़ा हुआ खाद्य सामग्री बरामद की गई। जानकारी के अनुसार, मांस के अंदर कीड़े रेंगते हुए पाए गए। रसोईघर के बर्तन भी बेहद गंदे और अस्वच्छ स्थिति में मिले। इसके बाद संबंधित कैफे को नोटिस थमा दिया गया।
इसके अलावा “गीता स्वीट्स” नामक मिठाई दुकान की फैक्ट्री में भी अस्वास्थ्यकर माहौल देखा गया। जांच के दौरान मिठाई की दुकान के फ्रिज में मांस पाए जाने से अधिकारी भी हैरान रह गए। अभियानकारी अधिकारियों ने बताया कि शहर वासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *