फूलबाड़ी, 26 जुलाई (नि.सं.)। फूलबाड़ी में एक दवा व्यवसायी के घर पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीली टैबलेट बरामद की है। इस मामले में दवा व्यवसायी दिलीप सरकार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर से रात तक स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सिलीगुड़ी के पास फूलबाड़ी के पूर्व धनतला इलाके में आरोपी के घर पर छापा मारा। कई घंटों की तलाशी के दौरान घर से लगभग 2,600 नशीली टैबलेट बरामद की गईं।
अभियान के बाद शनिवार रात को ही आरोपी दिलीप सरकार को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच पुलिस कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को आज जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
