सिलीगुड़ी, 25 जुलाई (नि.सं.)। उत्तरबंग सेवा भारती रोगी सहायता केंद्र में कार्यरत कुछ कर्मचारियों पर अंडे फेंके जाने की घटना से उत्तर बंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज के कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारियों की यूनियन की अध्यक्ष प्रतिमा चक्रवर्ती पर भ्रष्टाचार और यूनियन के नाम का इस्तेमाल कर नौकरी देने के आरोप लगे थे। इन आरोपों को लेकर लंबे समय से नाराज़गी बनी हुई थी, जो शनिवार को खुलकर सामने आ गई।
बताया गया है कि गुस्साए कुछ कर्मचारी और स्थानीय लोग प्रतिमा चक्रवर्ती को निशाना बनाकर उन पर अंडे फेंके। वहीं, उत्तरबंग सेवा भारती के सदस्य कार्तिक भक्त पर भी अंडे फेंके जाने का आरोप है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यूनियन के नाम पर लंबे समय से अनियमितता और भ्रष्टाचार चल रहा था, जिसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने यह विरोध प्रदर्शन किया।
इस मामले में प्रतिमा चक्रवर्ती ने कहा कि ड्यूटी के दौरान कुछ महिलाओं ने उन पर हमला किया। अंडे फेंकने के साथ-साथ उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार और मारपीट भी की गई। उन्होंने मेडिकल चौकी में शिकायत दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करने की बात कही।
घटना के बाद हालात को काबू में करने के लिए अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि आरोपों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
