सिलीगुड़ी , 25 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के देशबंधुपाड़ा स्थित 27 नंबर वार्ड में एक आवासीय परिसर की पार्किंग के लिए निर्धारित जगह पर बनाए गए अवैध दुकानों को सिलीगुड़ी नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया।
शनिवार सुबह नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर इन अवैध निर्माणों को तोड़ दिया। आरोप है कि कई साल पहले इस आवास के प्रमोटर ने पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान पर ही कई दुकानें बनाई और बाद में उन्हें अलग-अलग लोगों को बेच दिया। इसके बाद वहां सैलून समेत कई तरह के व्यवसाय शुरू हो गए थे।
हाल ही में इस मामले को लेकर नगर निगम में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद जांच शुरू हुई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पक्षों को नोटिस भेजा गया। तय समय सीमा के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर शनिवार को निगम ने कार्रवाई करते हुए दुकानों को तोड़ दिया।
इस दौरान जिन लोगों ने पैसे देकर दुकान या गेराज खरीदे थे, उन्होंने कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। प्रभावित लोगों ने सिर्फ अवैध निर्माण हटाने ही नहीं, बल्कि इस पूरे मामले में प्रमोटर के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
