नक्सलबाड़ी, 25 जुलाई (नि.सं.)। बरसात के दौरान खेमची नदी का जलस्तर बढ़ने से नक्सलबाड़ी के पश्चिम बाबूपाड़ा इलाके की एक महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। अब इस सड़क के पुनर्निर्माण का काम पंचायत समिति ने शुरू कर दिया है।
बताया गया है कि बारिश की शुरुआत में सड़क का एक हिस्सा बह गया था, जिससे केटुगाबुर जोत, हांडीबस्ती, मल्लाबाड़ी, सुरजबर और बड़ामनिराम समेत करीब 10 गांवों के लोगों की आवाजाही बाधित हो गई थी। स्थानीय निवासियों ने सड़क की मरम्मत की मांग की थी।
मांग के बाद नक्सलबाड़ी पंचायत समिति ने अपने फंड से काम शुरू कराया है। परियोजना के तहत 15 मीटर कंक्रीट गार्ड वॉल और 100 मीटर सड़क निर्माण के लिए 1 लाख 77 हजार की राशि मंजूर की गई है।
इस कार्य का शिलान्यास नक्सलबाड़ी पंचायत समिति के विपक्षी दल के नेता शैलेन राय ने किया। उन्होंने बताया कि 15 दिनों के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
