सिलीगुड़ी, 24 जुलाई (नि.सं.)। दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में सिलीगुड़ी में एसएफआई ने विरोध मार्च निकाला। विभिन्न मांगों को लेकर संगठन की ओर से आज बाघाजतिन पार्क से रैली शुरू की गई।
यह रैली बाघाजतिन पार्क से शुरू होकर कोर्ट मोड़, हाशमी चौक होते हुए एयरव्यू मोड़ पर पहुंचकर समाप्त हुई। मार्च में शामिल छात्र-छात्राओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीति और छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर भी आवाज उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि छात्रों की जायज मांगों और आंदोलनों को नजरअंदाज किया जा रहा है। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर उठ रही मांगों पर भी सवाल उठाए गए।
इस मौके पर एसएफआई दार्जिलिंग जिला सचिव अंकित दे ने कहा कि वे जल्द से जल्द केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हैं। उन्होंने बताया कि छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर यह विरोध मार्च किया गया है। जो आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
