राजगंज, 24 जुलाई (नि.सं.)। अस्पताल के बेड पर इस बार मरीज नहीं, बल्कि एक आवारा कुत्ता आराम से लेटा हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य राजगंज ग्रामीण अस्पताल के आपातकालीन (इमरजेंसी) विभाग के एक बेड पर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आमबाड़ी क्षेत्र का एक निवासी अपनी बीमार मां को इलाज के लिए राजगंज ग्रामीण अस्पताल लेकर आया था। इसी दौरान उसने इमरजेंसी वार्ड के एक बेड पर आवारा कुत्ते को लेटा हुआ देखा।
आरोप है कि उस समय अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई निगरानी नहीं थी। इसके बाद उस व्यक्ति ने घटना की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। घटना के बाद अस्पताल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
