सिलीगुड़ी, 25 जुलाई (नि.सं.)। भक्ति नगर थाना अंतर्गत आईजी ऑफिस के पास ट्रक को बाई ओर से ओवरटेक करने के दौरान हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजू छेत्री के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि जिस बुलेट बाइक से राजू छेत्री आ रहे थे, उसका नंबर कालिम्पोंग का था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही भक्ति नगर थाने की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक व बुलेट बाइक को जब्त कर लिया। वहीं ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
