सिलीगुड़ी, 25 जुलाई (नि.सं.)। एनजेपी जीआरपी और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कंचनजंघा एक्सप्रेस से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सोसाज और नाहिमुद्दीन के रूप में हुई है, जो त्रिपुरा के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एनजेपी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर खड़ी अप कंचनजंघा एक्सप्रेस के जनरल कोच में शुक्रवार रात को विशेष अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान दो संदिग्ध यात्रियों को हिरासत में लिया गया। उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग और दो बैकपैक की जांच में कार्टूनों में रखी 159 बोतल कफ सिरप बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों कोलकाता से ट्रेन में सवार होकर त्रिपुरा जा रहे थे।
जीआरपी के अनुसार, बरामद कफ सिरप की बाजार कीमत कई लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की है।
