सिलीगुड़ी, 26 जुलाई (नि.सं.)। उत्तर बंगाल दौरे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को सिलीगुड़ी पहुंच रहे है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे बागडोगरा हवाई अड्डे से सड़क मार्ग द्वारा जलपाईगुड़ी रवाना होंगे और इसी दौरान बहुप्रतीक्षित बर्दमान रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन और उद्घाटन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, वीआईपी मूवमेंट, ट्रैफिक प्रबंधन और बैरिकेडिंग को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री के संभावित रूट पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बर्दमान रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन उत्तर बंगाल के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके शुरू होने से शहर की लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के बाद फ्लाईओवर आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
