खोरीबाड़ी, 21 फरवरी (नि.सं)। खोरीबाड़ी के पानीटंकी फाड़ी पुलिस ने डकैती की योजना बनाकर इकट्ठा हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। घटना सीमावर्ती पानीटंकी के न्यू मार्केट इलाके की है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात पानीटंकी के न्यू मार्केट क्षेत्र में कुछ लोग डकैती की नीयत से जमा हुए थे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में छापेमारी की। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही बदमाश भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने चार आरोपियों को मौके से धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद कामिरुद्दीन, विशाल राजवंशी, रमेश राजवंशी और प्रसनजीत दास बताए गए है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लोहे की रड, कैंची, हंसुआ सहित कई धारदार हथियार बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की योजना के तहत जमा होने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
