सिलीगुड़ी, 15 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के आशीघर चौकी इलाके में एक नाबालिग लड़की की असामान्य मौत को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के सिलसिले में पुलिस ने मृतका के नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह नाबालिगा के घर पर कोई मौजूद नहीं था। उसकी मां जब घर लौटीं तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य गेट बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से उन्होंने घर के दूसरे हिस्से से अंदर झांककर देखा, जहां उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली।
घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलते ही आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। शव बरामद करने के दौरान पुलिस को एक नोट भी मिला। पुलिस के अनुसार, नोट में नाबालिगा ने अपनी मौत के लिए अपने प्रेमी को जिम्मेदार ठहराया था और माता-पिता से माफी भी मांगी थी।
पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया। वहीं, परिवार की ओर से आशीघर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया। मंगलवार को आरोपी नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। आशीघर चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





