सिलीगुड़ी, 22 सितंबर (नि.सं.)। नया बाजार के अग्रसेन रोड इलाके में दुकान का शटर तोड़कर करीब 8 लाख रुपये नकद चोरी करने के मामले में खालपाड़ा चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के करीब छह दिनों के भीतर मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाराज कॉलोनी निवासी राज चौधरी उर्फ बांटा (23) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की रकम में से 6 लाख 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। बाकी रकम की बरामदगी के लिए आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 18 सितंबर की सुबह अग्रसेन रोड स्थित दुकान का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। दुकान मालिक प्रदीप अग्रवाल ने खालपाड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दुकान में रखे करीब 8 लाख रुपये नकद चोरी हो गए हैं।
शिकायत के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी छाता लेकर दुकान के पास पहुंचता और शटर तोड़कर अंदर दाखिल होता दिखाई दिया। जांच के आधार पर उसकी पहचान राज चौधरी के रूप में हुई। इसके बाद सोमवार रात हेमंत बसु कॉलोनी इलाके में अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया गया।
मंगलवार को आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर पुलिस ने रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 6 लाख 15 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस अब बाकी रकम की बरामदगी के साथ ही वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।




