पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी की पहली घटना 14 अगस्त 2026 को भूपेंद्र नगर इलाके में हुई थी। यहां एक घर से करीब 6 ग्राम सोना और 16 ग्राम चांदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
वहीं, दूसरी चोरी की घटना 22 मार्च 2026 को सालूगाड़ा के बेदगड़ा इलाके में हुई थी। यहां एक घर से करीब 14 ग्राम सोना और 15 हजार रुपये नकद चोरी होने की शिकायत पुलिस को मिली थी।
तीसरी घटना 25 अगस्त 2026 को हैदरपाड़ा से सटे गिलदापाड़ा इलाके में हुई। इस मामले में चोर घर से करीब 12 ग्राम सोना और 92 ग्राम चांदी लेकर फरार हो गया था।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए भक्तिनगर थाने की पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी। जांच के दौरान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल बाइक से जुड़े सुरागों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
इसके बाद पुलिस ने 28 अगस्त को नवनीत कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की और चोरी किए गए सामान के बारे में जानकारी दी।
भक्तिनगर थाना की सादे कपड़ों में पुलिस टीम ने आरोपी को तीन बार रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर तीनों चोरी की घटनाओं में चोरी किए गए करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





