जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले आमबाड़ी इलाके की दो युवती कंटेंट क्रिएटर बैराज के पास स्थित एक मंदिर परिसर में वीडियो बनाने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान वीडियो बनाने को लेकर मंदिर परिसर में मौजूद दो व्यक्तियों के साथ युवतियों की कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों ने युवतियों से कथित तौर पर अभद्र भाषा में बात की और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनने की भी कोशिश की गई।
घटना को लेकर इलाके में तनाव फैल गया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती और एक व्यक्ति के बीच कहासुनी तथा मोबाइल फोन छीनने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।
शिकायत मिलने के बाद भोरेर आलो थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। शनिवार को उन्हें जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया है।
स्थानीय निवासी सुजन चंद्र राय ने कहा कि वीडियो में युवतियों को धमकाने और उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश जैसी बातें दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा।





