सिलीगुड़ी, 1 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र में अब वार्डों की संख्या बढ़ा दी गई है। अब तक नगर निगम के अंतर्गत कुल 47 वार्ड थे, लेकिन नई सरकारी अधिसूचना के अनुसार यह संख्या बढ़ाकर 63 वार्ड कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग की ओर से सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र में वार्डों के पुनर्गठन की पहल की गई है। हालांकि, मौजूदा 47 वार्डों में से किन वार्डों को विभाजित कर नए वार्ड बनाए जाएंगे और नए वार्डों की सीमाएं क्या होंगी, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं की गई है।
सिलीगुड़ी नगर निगम के 47 वार्डों में से 14 वार्ड जलपाईगुड़ी जिले के प्रशासनिक क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। मुख्य रूप से बड़े वार्डों को विभाजित कर नए वार्ड बनाने और सीमाओं के पुनर्गठन की मांग लंबे समय से उठ रही थी। बताया जा रहा है कि जनसंख्या में संतुलन बनाए रखने और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वार्डों की संख्या बढ़ाई गई है।





