जलपाईगुड़ी, 8 अप्रैल (नि.सं.)। जिले के लाटागुड़ी इलाके के झाड़ मातियाली क्षेत्र में एक 16 फीट लंबा विशाल अजगर पकड़ा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अजगर एक बकरी को पकड़कर तीस्ता नदी के पास बने खाल में उतर गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही अजगर बकरी को मार चुका था। इसके बाद वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद करीब 16 फीट लंबे और लगभग 45 किलो वजनी अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। वन विभाग के अनुसार, पकड़े गए अजगर को बाद में लाटागुड़ी के जंगल में छोड़ दिया गया है।
