फूलबाड़ी, 28 फरवरी (नि.सं)। दोल (होली) उत्सव में अब बस कुछ ही दिन शेष है। ऐसे में पूरे इलाके में तैयारियां तेज हो गई है। खासकर फूलबाड़ी बॉर्डर से सटे चंपदगछ इलाके के अबीर कारखानों में सुबह से देर रात तक रंग तैयार करने का काम जारी है।
कारखाना प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष अन्य वर्षों की तुलना में अबीर की मांग काफी बढ़ी है। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मजदूरों को अतिरिक्त समय तक काम करना पड़ रहा है। लाल, हरा, पीला, गुलाबी समेत कई आकर्षक रंगों का अबीर तैयार किया जा रहा है।
कारखाने के कर्मचारी जीवन मंडल ने बताया कि पिछले लगभग 20 वर्षों से चंपदगछ इलाके में अबीर तैयार किया जा रहा है। अबीर बनाने के लिए भूटान से कच्चा माल मंगाया जाता है। यहां तैयार रंगों की सप्लाई सिलीगुड़ी, इस्लामपुर और रायगंज समेत कई इलाकों में की जाती है। इस साल भी बाजार में अबीर की मांग बनी हुई है, जिससे स्थानीय कारोबारियों और मजदूरों के चेहरों पर खुशी देखी जा रही है।
