जलपाईगुड़ी, 28 फरवरी (नि.सं)। आलू के बांड (स्टोरेज बुकिंग स्लिप) वितरण को लेकर शनिवार तड़के एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। मामला जलपाईगुड़ी के सदर ब्लॉक स्थित बाहादुर कोल्ड स्टोरेज का है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान आलू रखने के लिए बंड लेने बाहादुर कोल्ड स्टोरेज के बाहर पहुंच गए। लंबी कतार और भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धक्का-मुक्की के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात काबू में करने पहुंची पुलिस को भी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि लाइन टूटने के बाद सैकड़ों किसान कोल्ड स्टोरेज परिसर के अंदर घुस गए। बढ़ती अव्यवस्था को देखते हुए कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन ने आलू के बंड वितरण की प्रक्रिया को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इससे नाराज़ किसानों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
