सिलीगुड़ी, 10 जुलाई (नि.सं.)। तंबाकू और मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने एक रैली का आयोजन किया। इस दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर रैली निकाली गई और “नशामुक्त समाज” का संदेश दिया गया। साथ ही स्कूल और कॉलेज के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री तथा नाबालिगों को सिगरेट, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थ बेचने के खिलाफ संगठन ने कड़ा रुख अपनाया।
एबीवीपी के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला सचिव सौगत दास ने कहा कि वर्तमान समय में छात्र-छात्राओं में नशे की प्रवृत्ति चिंताजनक रूप से बढ़ रही है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सिलीगुड़ी के एक सरकारी स्कूल की छात्रा को स्कूल यूनिफॉर्म में धूम्रपान करते हुए देखा गया, जिसने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं हैं और छात्रों के भविष्य को नशे के अंधकार में धकेलने वाली प्रवृत्तियों के खिलाफ एबीवीपी आंदोलन तेज करेगी।
वहीं, एबीवीपी के राज्य सह-सचिव अनिकेत दे सरकार ने कहा, “इस जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य छात्रों में जागरूकता बढ़ाना और शिक्षा संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की खुली बिक्री के खिलाफ चेतावनी देना है।”
