डाबग्राम दो नंबर अंचल के तेलीपाड़ा इलाके में जल निकासी नाले की हालत खराब, स्थानीय लोग परेशान

सिलीगुड़ी, 10 जुलाई (नि.सं.)। डाबग्राम दो नंबर अंचल के तेलीपाड़ा इलाके में जल निकासी नाले की खराब हालत से स्थानीय लोग परेशान हैं। जानकारी के अनुसार, हल्की बारिश होते ही पानी निकलने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कत हो रही है। 

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर वे दो बार लिखित रूप से प्रधान को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पंचायत की ओर से भी समाधान के लिए कोई पहल नहीं की गई है।

इसी बीच इलाके में एक और समस्या सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक प्रभावशाली व्यक्ति ने अपने जमीन पर बहुमंजिला इमारत बनाई है। निर्माण पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उसके घर के सामने सड़क के हिस्से को ऊंचा करने के लिए काफी मात्रा में बालू डाला गया है। हालांकि दोनों ओर नाले बनाए गए हैं, लेकिन पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे बारिश के समय पानी जमा होकर स्थिति और गंभीर हो जाती है।

इस संबंध में प्रधान से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क पर कुछ दिन पहले बालू-पत्थर डालकर मरम्मत का काम किया गया था, लेकिन पास की गली में काम नहीं हुआ है। पानी निकासी को लेकर पंचायत के साथ कोई चर्चा नहीं हुई है। यदि पंचायत उनके साथ बैठकर चर्चा करे, तो इस समस्या का समाधान संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes