सिलीगुड़ी, 25 अगस्त (नि.सं.)। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आम लोगों को महंगाई से राहत देने और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए सिलीगुड़ी के विभिन्न बाजारों में निगरानी बढ़ा दी गई है। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस और इंफोर्समेंट ब्रांच की संयुक्त टीम ने बाजारों का निरीक्षण किया। यह अभियान माटीगाड़ा हाट से लेकर चंपासारी सब्जी बाजार तक चलाया गया।
एसडीओ से लेकर डीसीपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न बाजारों का दौरा किया और दुकानों में जाकर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों तथा स्टॉक की जानकारी ली। इसके अलावा रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री, साग-सब्जी, फल और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाकर ग्राहकों से अधिक पैसे तो नहीं लिए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान दुकानदारों को आवश्यक वस्तुओं की कीमतें सामान्य और निर्धारित स्तर पर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी तरह की कालाबाजारी या अनावश्यक मूल्य वृद्धि से बचने की चेतावनी दी गई।
