सिलीगुड़ी, 25 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी स्थित आयकर कार्यालय में मंगलवार को नए कॉन्फ्रेंस हॉल और सेमिनार रूम का उद्घाटन किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम की प्रधान प्रमुख आयकर आयुक्त सुरभि वर्मा गर्ग, आईएफएस मौजूद रहीं। वहीं, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी राजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने बताया कि नई सुविधाओं से विभागीय बैठक, प्रशिक्षण और सेमिनार अधिक व्यवस्थित तरीके से आयोजित किए जा सकेंगे।
प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने एक से अधिक PAN कार्ड रखने वालों को लेकर भी जानकारी दी। विभाग ऐसे मामलों की जांच कर रहा है और नियमों के तहत अतिरिक्त PAN कार्ड रद्द किए जा सकते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की कि यदि उनके पास एक से अधिक PAN कार्ड हैं, तो वे स्वयं इसकी जानकारी देकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
वहीं, इस वित्तीय वर्ष में आयकर विभाग का राजस्व संग्रह लक्ष्य 600 करोड़ रुपये से अधिक रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार अब तक करीब 200 करोड़ रुपये, यानी लगभग 33 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।
