जलपाईगुड़ी, 6 फरवरी (नि.सं)। देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की जान चली गई। यह घटना जलपाईगुड़ी के मौलानी ओवरब्रिज इलाके में हुई। बताया गया है कि गुरुवार देर रात एक कार में छह लोग जलपाईगुड़ी से लाटागुड़ी के लिए निकले थे। ओवरब्रिज पर चढ़ते समय अचानक एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार कार का कंट्रोल बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का काम शुरू किया। घायलों को निकालकर जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने युवती पॉलमी बागची को मृत घोषित कर दिया। हादसे में चार और लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है। खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को बरामद कर लिया। पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।
