जलपाईगुड़ी, 20 दिसंबर (नि.सं)। कोलकाता हाईकोर्ट के जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच के स्थायी भवन का शुक्रवार को कोलकाता हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल और न्यायमूर्ति अरिजीत बनर्जी ने निरीक्षण किया।
सूत्रों के अनुसार, आगामी 17 जनवरी को जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच के स्थायी भवन का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में आज कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश समेत अन्य न्यायाधीशों ने भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार, जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में जलपाईगुड़ी स्टेशन रोड स्थित जिला परिषद के डाक बंगले में अस्थायी रूप से सर्किट बेंच की शुरुआत की गई थी। वर्तमान में पहाड़पुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के किनारे लगभग 40 एकड़ भूमि पर सर्किट बेंच का स्थायी भवन तैयार किया गया है। आगामी 17 जनवरी को इस स्थायी भवन का उद्घाटन किया जाएगा।
