नक्सलबाड़ी,17 फरवरी (नि.सं) लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। सिक्किम–महानंदा एक्सप्रेस का स्टॉपेज अब नक्सलबाड़ी रेलवे स्टेशन पर मिल गया है। आज दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर नए स्टॉपेज का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के विधायक आनंदमय बर्मन भी उपस्थित रहे।
इससे पहले कोलकाता जाने के लिए कंचनकन्या एक्सप्रेस का स्टॉपेज उपलब्ध था, लेकिन दिल्ली जाने के लिए लोगों को एनजेपी स्टेशन पर निर्भर रहना पड़ता था। अब सिक्किम–महानंदा एक्सप्रेस के ठहराव से नक्सलबाड़ी क्षेत्र के साथ-साथ नेपाल और पहाड़ी इलाकों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद ने बताया कि नक्सलबाड़ी के लिए यह खुशी की खबर है। फिलहाल कुल 9 ट्रेनें नक्सलबाड़ी स्टेशन पर यात्री सेवा दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में कैपिटल एक्सप्रेस का स्टॉपेज भी यहां सुनिश्चित किया जाएगा। सांसद ने आगे कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने बिना नाम लिए राज्य सरकार की ‘युवा साथी’ योजना पर भी कटाक्ष किया। दिल्ली जाने वाली ट्रेन के स्टॉपेज से स्थानीय लोग और व्यवसायी वर्ग काफी खुश नजर आए।
