सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने एटीएम फ्रॉड गिरोह के एक सदस्य को असम के कामाख्या से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमीत कुमार (20) के रूप में हुई है, जो बिहार का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से एटीएम फ्रॉड को अंजाम देता था। आरोपी पहले एटीएम के अंदर जाकर कैश आउटलेट, यानी जहां से पैसे निकलते हैं, वहां एक विशेष प्रकार की प्लास्टिक और डिवाइस लगा देते थे। इसके बाद जब कोई ग्राहक पैसे निकालने आता तो मशीन से नकदी बाहर नहीं निकलती थी, जिससे ग्राहक को लगता था कि एटीएम खराब है। लेकिन जैसे ही ग्राहक एटीएम से बाहर निकलता, आरोपी तुरंत अंदर जाकर उस प्लास्टिक ट्रैप को हटाकर फंसी हुई पूरी रकम निकाल लेता था।
इस तरह की एटीएम धोखाधड़ी की एक घटना 23 तारीख को माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के शिवमंदिर इलाके में सामने आई थी। इसके बाद 24 तारीख को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। करीब 15 दिनों की जांच और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को एक अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर टीम असम पहुंची।
माटीगाड़ा थाना की पुलिस ने कामाख्या से इस गिरोह के सदस्य सुमीत कुमार को गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी लाया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया है और उससे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है।
