सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके में एक होटल में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि चोर ने शटर तोड़े बिना ही बड़ी चालाकी से शटर के ऊपर बनी खाली जगह से अंदर प्रवेश किया और कैश बॉक्स में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, होटल मालिक गुरुवार रात होटल बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब उन्होंने होटल खोला तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें एक युवक शटर के ऊपर की खाली जगह से अंदर घुसकर चोरी करते हुए नजर आया।
घटना की खबर मिलते ही जंक्शन क्षेत्र के स्थानीय दुकानदार और व्यवसायियों ने आसपास के इलाके में चोर की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान संदेह के आधार पर दो युवकों को पकड़ लिया गया और बाद में उन्हें प्रधान नगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया।
होटल मालिक के अनुसार, चोर कैश बॉक्स से करीब 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी की रकम बरामद करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रधान नगर थाना पुलिस दोनों संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।
